कृषि मंत्री के सामने ही भाजपा नेत्री ने किया हंगामा, कहा ऐसी पार्टी को लात मारती हूँ...
आजमगढ़ : हरिऔध कला केंद्र में गुरुवार को मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि थे। उनका संबोधन चल रहा था। इस दौरान शहीद सौदागर सिंह के अपमान का आरोप लगाकर उनकी पौत्रवधू और बीजेपी महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अंजना सिंह ने हंगामा कर दिया। कहा कि ऐसी पार्टी को लात मारती हूँ। इसके बाद महिला पुलिस उनको जबरन कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गई।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत पूरे जिले से सभी ब्लॉक व नगर निकायों से मेरी माटी मेरा देश के अंतर्गत कलश यात्रा गुरुवार को दिन में हरीऔध कला केंद्र पर पहुंची थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही थे। हरिऔध कला केंद्र पर कई कार्यक्रमों का आयोजन था। जिसमें शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवारों का सम्मान भी था। जब शहीद सौदागर सिंह का नाम नहीं लिया गया तो उनकी पौत्रवधू अंजना सिंह नाराज हो गईं। उनका कहना था कि तीन युद्ध में देश के लिए लड़ने वाले और देश के प्रथम वीर चक्र विजेता शहीद सौदागर सिंह का नाम हमेशा यहां भुला दिया जाता है। वह बीजेपी से जुड़ी हुई हैं, इसलिए राजनीति के तहत ऐसा किया जाता है। वह मोदी और योगी की नीतियों के चलते पार्टी से जुड़ी थीं। लेकिन स्थानीय राजनीति के चलते ऐसी पार्टी को वह छोड़ने का काम करेंगी।
No comments