पत्नी ने बिस्तर पर लेटे पति का रेता गला, कुछ दिन पूर्व विदेश से आया था घर
आजमगढ़ : घरेलू विवाद में बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने बिस्तर पर लेटे पति का गला चाकू से रेत दिया। खून से लथपथ पति किसी तरह से कमरे से बाहर निकला तो घर में चीखपुकार मच गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद से पत्नी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव कस्बे से सटे कादीपुर गांव का निवासी रामविजय यादव (50) दुबई में काम करते हैं। बीते 21 सितंबर को दुबई से घर लौटे थे। शुक्रवार रात रामविजय अपने कमरे में पत्नी सुशीला के साथ बिस्तर पर लेटा था। इसी दौरान पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने चाकू से पति रामविजय के गले पर हमला कर दिया। हमले से रामविजय गंभीर रूप से घायल हो गया और प्रहार वह पत्नी को धक्का देकर चीखते-चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकला। रक्तरंजित रामविजय को देख उसके बच्चों समेत अन्य लोगों में चीखपुकार मच गई। घटना के बाद पत्नी फरार हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंचे। आनन-फानन में रामविजय को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रामविजय और उसकी पत्नी के बीच बच्चों की पढ़ाई को लेकर अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात को भी यही विवाद खूनी अंजाम तक पहुंच गया।
No comments