नाबालिग से दुष्कर्म, देह व्यापार कराने में पिता व पति गिरफ्तार
आजमगढ़ : नाबालिग पुत्री के साथ दो सालों तक दुष्कर्म करने वाले पिता व शादी के बाद देह व्यापार कराने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पिता व पति के खिलाफ नाबालिग ने दो नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के पास शिकायत दर्ज कराई थी। सचिव ने एसपी को पत्र लिख कार्रवाई करने को कहा था। महिला थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
तरवां थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने दो नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव से गुहार लगाई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि पिता ने दवा खिलाने के बाद कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। दो सालों तक उसका शारीरिक शोषण करते रहे। गांव के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पिता का विरोध किया। इसके बाद पिता ने ढाई लाख रुपये लेकर उसका विवाह गाजीपुर निवासी युवक के साथ कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, पति उससे देह व्यापार कराता था। गर्भवती होने पर गर्भपात करा दिया। उसे घर से निकाल दिया था। किसी तरह घर पहुंची तो पिता ने भी साथ रखने से इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर जिला विधिक सेवा प्राधिरण के सचिव ने शिकायती पत्र बनवा और एसपी को कार्रवाई के लिए लिख दिया। इसके साथ ही किशोरी को महिला पुलिस के संरक्षण में दे दिया। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता व पति को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।
No comments