आजमगढ़ में रह रही चार पाकिस्तानी महिलाएं
आजमगढ़ : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पुरे देश में आक्रोश है। भारत सरकार द्वारा आतंकियों और पाकिस्तान के खिलाफ तरह तरह की कार्यवाही की जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आदेश दिया है। जिसके बाद पूरे देश में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचाल की जा रही और पाकिस्तान भेजने की कार्य वही की जा रही है। इसी बीच जिले में भी चार पाकिस्तानी नागरिक की जानकारी सामने आयी है, जो लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रहे हैं। इन सभी को नोरी (नो ऑब्लीगेशन टू रिटर्न टू इंडिया) वीजा की सुविधा भी प्राप्त है। यह सभी महिलाएं हैं, जो शादी के बाद यहां आईं। एसएसपी हेमराज मीना का कहना है कि नए निर्देशों में शॉर्ट टर्म वीजा वालों को वापस भेजने के लिए कहा गया है।
शहर के गुलामी का पूरा निवासी एक परिवार की बेटी की शादी पाकिस्तान में हुई थी। उक्त महिला ने अपने जेठ की बेटी की शादी अपने भाई से 14 वर्ष पहले कराई थी। शादी के बाद भारत आई, यह महिला पेशे से डेंटिस्ट है और उसकी तीन बेटियां हैं। जनपद की जिस बेटी की शादी पाकिस्तान में हुई थी, उसकी कैंसर से मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद भी परिवार ने रिश्तों को बनाए रखा। यह महिला शादी के बाद से एलटी वीजा पर आजमगढ़ में रह रही है और उसे नोरी वीजा की सुविधा भी है। परिवार ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है।
इसी तरह, तीन अन्य पाकिस्तानी महिलाओं की शादी भी जनपद में हुई है। इनमें दो सगी बहनें हैं, जिनकी शादी एक ही परिवार में हुई। दोनों की उम्र 70 वर्ष से अधिक है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश जारी किया है। इससे परिवार वाले चिंतित हैं। हालांकि यह आदेश केवल शॉर्ट टर्म वीजा पर आए लोगों के लिए है। लॉन्ग टर्म वीजा पर रहने वालों पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
एसएसपी हेमराज मीणा ने बताया कि एलआईयू की रिपोर्ट के अनुसार, आजमगढ़ में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक शॉर्ट टर्म वीजा पर नहीं रह रहा है। चार महिलाएं शादी के बाद पाकिस्तान से आई थीं और लॉन्ग टर्म वीजा पर यहां रह रही हैं। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments