Breaking Reports

आजमगढ़ जेल में बंद हत्या का आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार, SSP ने घोषित किया इनाम



आजमगढ़ : मंडलीय कारागार आजमगढ़ में बंद एक बंदी के जिला अस्पताल से फरार हो जाने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार बंदी की पहचान उदय उर्फ गुजराती पुत्र जसवंत, निवासी अहमदाबाद (थाना ईसानगर, गुजरात) के रूप में हुई है। हाल में उसका पता गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में बताया गया है। वह महराजगंज में दर्ज एक मुकदमे के सिलसिले में जेल भेजा गया था।

जानकारी के अनुसार, उदय उर्फ गुजराती को हत्या के एक मामले में गोरखपुर से प्रशासनिक आधार पर 6 सितंबर 2021 को आजमगढ़ जेल स्थानांतरित किया गया था। वह पिछले लगभग चार वर्षों से आजमगढ़ मंडलीय कारागार में बंद था।

जेल प्रशासन के मुताबिक, बंदी उदय गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। उसे पाइल्स की शिकायत थी और हर 15 दिन में ब्लड चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती थी। इसी कारण उसे नियमित रूप से जिला अस्पताल लाया जाता था। बुधवार 12 दिसंबर की रात लगभग 3:30 बजे वह अस्पताल में शौच के लिए उठा और मौका पाकर कस्टडी में तैनात जेल पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।

काफी देर तक अस्पताल परिसर में बंदी का कोई सुराग न लगने पर सुरक्षाकर्मी उसे खोजने में जुटे रहे। लेकिन जब तलाश असफल रही, तो उन्होंने इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी। इसके बाद जेल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की गई, लेकिन बंदी का कोई पता नहीं चल सका।

बंदी के फरार होने की पुष्टि होने पर जिला प्रशासन ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है और आसपास जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस फरार बंदी की तलाश में टीमों को सक्रिय कर चुकी है।


एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने  बताया कि फरार बंदी उदय उर्फ ‘गुजराती’ के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उसके ऊपर  25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

No comments