Breaking Reports

युवक ने 2 सगी बहनों को दिनदहाड़े घर में घुसकर मारी गोली, फिर खुद को भी..., कारण हैरान करने वाला


गोरखपुर : जिले के सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार को ऐसी घटना सामने आई जिसके बाद लोगों में सनसनी फैल गई। एकतरफा प्‍यार में सिरफिरे आशिक ने दिनदहाड़े घर में घुसकर दो सगी बहनों को गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से तीनों की हालत गंभीर है। इलाज के लिए तीनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ डीएम, एसएसपी और एसपी सिटी पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से मामले की जानकारी ली।

गोरखपुर के एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि ये गोरखपुर सिविल लाइंस में अमन यादव का सरकारी आवास है। अमन मृतक आश्रित कोटे पर सरकारी नौकरी करता है। शुक्रवार को वह अपनी दो बहनों और मां को घर छोड़कर परीक्षा देने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार के कम्हरिया गांव निवासी उसका रिश्तेदार मनदीप यादव घर में घुसकर अमन की 2 बहनों नैंसी यादव (20 वर्ष) और पूजा यादव (28 वर्ष) को सीने और पेट में गोली मार दी। इसके बाद सिरफिरे मनदीप ने खुद को भी पेट में गोली मार ली। आरोपी रिश्‍ते में दोनों सगी बहनों का दूर का मौसेरा भाई लगता है।

बताया जा रहा है कि आरोपी मनदीप पूजा से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। पूजा की कहीं और शादी तय हो गई थी। इससे नाराज होकर मनदीप ने वारदात को अंजाम दिया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल बेटियों को जिला अस्पताल भिजवाया।

आरोपी मनदीप वहीं घर के सामने ही गोली से घायल होकर गिरा पड़ा था। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। थोड़ी ही देर में डॉक्टरों ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के अनुसार, दोनों बहनों में छोटी को एक, बड़ी को दो गोली आरोपी ने मारी है। युवक को एक गोली लगी है। घायल लड़कियों के परिजनों की तरफ़ से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

No comments