आजमगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात: कृषि मंत्री ने पूर्व सांसद निरहुआ की मांग को दी मंजूरी
![]() |
आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश सरकार ने जिले के किसानों को बड़ी राहत देते हुए चार विकास खंडों—अजमतगढ़, ढेकमा, लालगंज और फूलपुर में कृषि कल्याण केंद्र स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत लिया है, जिसका उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादकता में सुधार और आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इस महत्वपूर्ण फैसले की पहल पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' द्वारा की गई थी, जिन्होंने गोरखपुर रोड स्थित भंवरनाथ चौराहा से पत्राचार कर कृषि मंत्री से यह मांग की थी। मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने पत्र में इन केंद्रों की मंजूरी की पुष्टि करते हुए इसे “जनहित में लिया गया निर्णय” बताया है।
इन कृषि कल्याण केंद्रों के माध्यम से किसानों को निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी:
* उन्नत कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण
* बीज, खाद एवं कृषि उपकरणों की उपलब्धता
* जल संरक्षण और मिट्टी परीक्षण सेवाएं
* किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन
* कृषि से संबंधित नवाचारों की जानकारी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा:
“हमारी सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इन केंद्रों की स्थापना से न केवल किसानों को आधुनिक संसाधनों की सुविधा मिलेगी, बल्कि उनकी आय दोगुनी करने के लक्ष्य को भी बल मिलेगा। यह निर्णय दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के अनुरोध और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।”
वहीं, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा:
“यह निर्णय आजमगढ़ के किसानों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। कृषि कल्याण केंद्रों के माध्यम से उन्हें वह समर्थन मिलेगा जिसकी उन्हें लंबे समय से आवश्यकता थी। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।”
No comments