ब्लॉक प्रमुख पर दो युवकों को पीटने का आरोप, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
आजमगढ़ : जिले के पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू सिंह और उनके साथियों पर दो युवकों को घर बुलाकर गंभीर रूप से पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित विवेकानंद यादव और उनके साथी विकास यादव को कथित रूप से रातभर प्रताड़ित किया गया। इस मामले ने जिले की राजनीति और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुड़ेहरी गांव निवासी रविन्द्र यादव ने थाना मेहनाजपुर में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र विवेकानंद यादव, जो एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं, को ब्लॉक प्रमुख कई दिनों से अपने घर बुला रहे थे। बीते 20 अगस्त की रात, जब विवेकानंद बनारस से लौट रहे थे, ब्लॉक प्रमुख ने उन्हें विकास यादव के साथ बुलाया। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों युवक उनके घर पहुंचे, जहां गेट बंद कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख और उनके सहयोगियों ने दोनों युवकों को करीब दो घंटे तक लात-घूंसों और डंडों से पीटा और पानी की टंकी में डालकर प्रताड़ित किया। किसी तरह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू सिंह सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित से मुलाकात की और घटना को योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की गुंडई लगातार बढ़ रही है और पुलिस उनकी मिलीभगत से पीड़ित का मेडिकल तक कराने में देरी कर रही है। सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पार्टी आंदोलन करेगी।
No comments