Breaking Reports

2694 किलो गांजा-हीरोइन को किया खाक, अनुमानित कीमत ₹6.88 करोड़



आजमगढ़ : जिले की पुलिस द्वारा "आपरेशन क्लीन" अभियान के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 2694.651 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का मानक के अनुसार विनष्टीकरण (Disposal) किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹6,88,20,275 आंकी गई है।

इस कार्यवाही को डीआईजी परिक्षेत्र आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया, जिसमें ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी आजमगढ़ एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह की उपस्थिति रही। यह विनष्टीकरण न्यायालय द्वारा निर्गत आदेश के अनुपालन में गठित उच्च स्तरीय व जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटियों द्वारा संपन्न किया गया।



डीआईजी के निर्देशन में उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा अवैध गांजा कुल 1637.950 किग्रा का निस्तारण तथा एसएसपी हेमराज मीना के निर्देशन में  जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा हीरोइन/स्मैक, डायजापाम व अन्य मादक पदार्थ कुल 1056.701 किग्रा का विनष्टीकरण कराया गया। विनष्टिकरण मानक के अनुसार मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, भादो, माहुल, मार्टीनगंज थाना क्षेत्र दीदारगंजमें स्थित उद्योग में स्थापित/संचालित इंसीनिरेटर/ब्वायलर के माध्यम से कराया गया। पूरी प्रक्रिया की फोटो व वीडियोग्राफी कराई गई।

एसएसपी हेमराज मीना ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कठोर कार्यवाही "आपरेशन क्लीन" अभियान के तहत की जा रही है, जिससे जिले को नशा मुक्त बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के विनष्टीकरण से न्यायालयीन मामलों में पारदर्शिता बनी रहती है और अवैध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की संभावना समाप्त होती है।

No comments