पंचायत कार्यों में अनियमितता, ग्राम प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक पर FIR
आज़मगढ़ : जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बडहरिया में टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत में हैंडपंप रिबोर, स्ट्रीट लाइट, ह्यूम पाइप, टाइल्स और सीमेंट बेंच जैसे कार्यों के लिए माई कंस्ट्रक्शन फर्म को 11,82,238 की निविदा स्वीकृत की गई। इस पर एडीओ पंचायत की ओर से ग्राम प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक पर अनियमितता के आरोप में निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एडीओ पंचायत नंदलाल सिंह ने तहरीर में बताया कि माई कंस्ट्रक्शन फर्म, जो एक कंपोजिट फर्म है। इसको जीएसटी भुगतान किया गया है। जो नियमों के खिलाफ है। जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से पहले की गई जांच में भी इन आरोपों की पुष्टि हुई थी।
जांच आख्या के आधार पर थाना प्रभारी, निजामाबाद को ग्राम प्रधान फरहत, तत्कालीन सचिव रेनू भारती और तकनीकी सहायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। इस पर थाना प्रभारी, निजामाबाद ने ग्राम प्रधान फरहत, ग्राम पंचायत सचिव रेनू भारती और तकनीकी सहायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत नंदलाल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत बड़हरिया के प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक ने मिलीभगत कर गलत तरीके से अपने नजदीकी और निजी परिचित लोगों को 11,82,238 रुपये का टेंडर देकर कार्य कराया है। जो शासनादेश के विरुद्ध है। जांच के बाद ग्राम प्रधान बड़हरिया, सचिव एवं तकनीकी सहायक बड़हरिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

No comments