Breaking Reports

AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज, महाराजा सुहेलदेव को लेकर की थी टिप्पणी


आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र में एआईएमआईएम के प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने अपने एक सार्वजनिक बयान में ऐतिहासिक वीर महाराजा सुहेलदेव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे स्थानीय जनता और राजनीतिक संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया है।

अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल नगर पंचायत के निवासी एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने महाराजा सुहेलदेव को "आक्रांता और लुटेरा" कहकर संबोधित किया था। यह बयान सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विरोध की लहर तेज हो गई।

इस विवादित बयान के विरोध में विभिन्न संगठनों और नेताओं ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है। माहुल नगर पंचायत क्षेत्र के निजामपुर गांव निवासी और भाजपा नेता प्रमोद राजभर ने इस बयान के खिलाफ अहरौला थाने में मंगलवार को एक तहरीर दी। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके अलावा, सुभासपा युवा मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक सिंह ने भी इस बयान के विरोध में थाने में अलग से तहरीर दी है।

थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा, प्राप्त तहरीर के आधार पर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।"


No comments