Breaking Reports

पेड़ पर विवाहिता का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी


आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र के करुईं गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव पेड़ से लटकता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। फोरेंसिक व डाग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की।मृतका की पहचान रोशनी यादव (24) पुत्री अशोक कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले मार्च महीने से मायके में रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, रोशनी की शादी दो वर्ष पूर्व पवई थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर गांव निवासी अवनीश यादव पुत्र रामकुमार से हुई थी। मंगलवार रात से वह घर से लापता थी। परिवारजन ने देर रात तक उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह करीब आठ बजे अशोक के घर के पीछे खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गई एक वृद्ध महिला ने उसे जामुन के पेड़ पर करीब 30 फुट ऊंचाई पर फंदे से लटकता देखा। शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर थानाध्यक्ष दीदारगंज राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। मृतका चार बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। उसकी मां का निधन पहले ही हो चुका है और पिता लुधियाना में रोजी-रोटी के लिए रहते हैं।

घटना की जानकारी पर सीओ फूलपुर किरनपाल सिंह, नायब तहसीलदार मार्टिनगंज अरुण कौल, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ससुराल पक्ष के लोग और मृतका का पति भी घटनास्थल पर मौजूद थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

No comments