घर की छत पर झंडा देख बवाल, पाकिस्तानी या धार्मिक? जानें सच
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा खुर्द गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान की छत पर पाकिस्तानी झंडे से मिलता-जुलता झंडा लहराता देखा गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने झंडे को उतरवाकर जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह झंडा गांव के महबूब नामक व्यक्ति के घर की छत पर फहराया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, यह झंडा करीब एक हफ्ते से वहां लहरा रहा था, जिससे गांव में असमंजस और तनाव का माहौल बन गया था। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि यह देशविरोधी गतिविधि हो सकती है।
विवाद बढ़ने पर महबूब और उनके परिजनों ने सफाई देते हुए कहा कि यह झंडा किसी भी प्रकार से पाकिस्तानी नहीं है, बल्कि एक इस्लामी धार्मिक झंडा है। परिजनों का यह भी कहना है कि महबूब का बेटा एक मदरसे में पढ़ता है और संभवतः उसी ने यह झंडा लगाया होगा, जिसका उद्देश्य धार्मिक था, न कि कोई राजनीतिक या देशविरोधी मंशा।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ लालगंज भूपेश पांडे के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल झंडा उतरवाया गया और जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए परिवार को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी कोई भी गतिविधि दोहराई गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ भूपेश पांडे ने कहा, मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस निगरानी बनाए हुए है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि, पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। प्रशासन द्वारा लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक जानकारी से बचने की अपील की गई है।

No comments