जो मसूद और औरंगजेब की बात करे, वो पाकिस्तान चला जाए – आज़मगढ़ में गरजे मंत्री संजय निषाद, भाजपा नेताओं को भी दी चेतावनी
आजमगढ़ : प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने गुरुवार को आजमगढ़ में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएम मत्स्य संपदा योजना और सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
मंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मछुआरों के लिए दोनों योजनाओं को जोड़कर एक सराहनीय पहल की है, जिससे जमीनी स्तर पर लाभ पहुंच रहा है। इन योजनाओं के कार्यान्वयन की नियमित समीक्षा की जा रही है।”
मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने सांस्कृतिक मुद्दों पर अपनी राष्ट्रवादी सोच जाहिर करते हुए विवादास्पद टिप्पणी की। उन्होंने कहा:
जो लोग गाजी सालार मसूद और औरंगजेब जैसे लुटेरों की बातें करते हैं, वे पाकिस्तान या बांग्लादेश चले जाएं। भारत में वही रहेगा जिसकी सोच राष्ट्रवादी हो।
उन्होंने कहा कि आज भी देश में महाराजा सुहेलदेव और निषाद राजवंश के वंशज मौजूद हैं और जो लोग भारतीय संस्कृति को खंडित करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मंत्री ने भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा की जा रही बेतुकी बयानबाज़ी पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा:
छोटे नेता अनावश्यक बयानबाजी कर पार्टी का वोट बैंक कमजोर कर रहे हैं। इससे भाजपा की छवि को नुकसान हो रहा है।
गोरखपुर में अपराध पर बोले मंत्री
गोरखपुर में हाल ही में हुई हत्या और पशु तस्करी के मामले पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि अपराध की जड़ें गहरी हैं, लेकिन योगी सरकार में अपराधों पर त्वरित कार्रवाई हो रही है। पहले की सरकारों में अपराधी विधायक बनते थे, आज पढ़े-लिखे लोग विधानसभा पहुंच रहे हैं।

No comments