Breaking Reports

बच्चे पर ‘भूत-प्रेत’ का साया है’ – यह कहकर ठग जेवर लेकर हुआ फरार



आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम जिंदोपुर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव निवासी केदार यादव एक शातिर ठग का शिकार हो गए। ठग ने तांत्रिक बनकर पहले विश्वास जीता और फिर मौका देखकर घर की महिलाओं से सोने के जेवर लेकर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से केदार यादव के घर पहुंचा और पानी मांगा। पानी पीने के बाद उसने केदार यादव से कहा कि उनके एक बच्चे पर "भूत-प्रेत" का साया है और वह उसे ठीक कर सकता है। विश्वास में लेने के बाद उसने पूजा-पाठ के बहाने घर की महिलाओं से अगरबत्ती और कपूर मंगवाया। इसी दौरान जब केदार यादव दुकान से सामान लाने गए, तभी उस युवक ने घर में मौजूद महिलाओं से पूजा में उपयोग के बहाने सोने के जेवर मंगवाए और लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने बरदह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से गांव में आता है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही अनजान लोगों पर बिना जांच-परख के विश्वास न करें।

No comments