Breaking Reports

आजमगढ़ पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, 62 गिरफ्तार



आजमगढ़ : मिशन शक्ति फेज 5 के अंतर्गत पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में "आपरेशन सड़क पर सुरूर" अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब और मादक पदार्थों का सेवन करने तथा अराजकता फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में आज शनिवार को नगर सर्किल के थाना कोतवाली (27), सिधारी (17), कंधरापुर (10) और रानी की सराय (8) में कुल 62 व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। सभी पर धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति फेज 5 के तहत सभी थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया गया है कि "आपरेशन सड़क पर सुरूर" अभियान लगातार चलाया जाए। अभियान के दौरान शराबी और नशेड़ी व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, संदिग्ध स्थलों का चिन्हांकन कर प्रभावी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस केवल कार्यवाही तक सीमित नहीं है। नशे के सेवन से होने वाले आर्थिक, शारीरिक और सामाजिक नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। परिवार और समाज पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है और लोगों को भविष्य में नशा न करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

“आपरेशन सड़क पर सुरूर” अभियान जिले के समस्त हिस्सों में निरंतर जारी रहेगा और पुलिस इस अभियान के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

No comments