बैंक में बड़ा घोटाला : कर्मचारी पर 25.77 लाख की बड़ी चोरी का आरोप, दर्ज हुई FIR
आजमगढ़ : जिले के सिविल लाइंस इंडसइंड बैंक की शाखा में 25.77 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। बैंक के सेवा वितरण प्रबंधक दीनदयाल उपाध्याय पर तीन ग्राहकों के खातों से उनकी सहमति के बिना धन निकालने का आरोप लगा है। इस मामले में बैंक के शाखा प्रबंधक उमाकांत यादव ने कोतवाली थाने में दीनदयाल उपाध्याय और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर को दो ग्राहक, जगदीश यादव और बृजेश सैनी ने क्रमशः 4 लाख और 12.77 लाख तथा 17 सितंबर को गुंजन गोयल के पति अश्विनी गोयल ने 9 लाख रुपये की धनराशि गबन किए जाने का आरोप लगाया है।
बैंक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और दीनदयाल उपाध्याय को 16 सितंबर को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि दीनदयाल 12 सितंबर से ड्यूटी पर नहीं आए और उनका कोई पता नहीं चल रहा है। बैंक ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है और पुलिस से मामले की गहन जांच करने की मांग की है।
शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दीनदयाल उपाध्याय पुत्र अमरनाथ उपाध्याय निवासी मुस्तफाबाद जहानागंज, अजीजाबाद, जहानागंज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है।
No comments