12 घंटे में बच्ची को ढूंढ निकाला, 90 मनचलों पर कार्रवाई — ये हैं आज़मगढ़ की रियल हीरो, SSP ने किया सम्मानित
आज़मगढ़ : महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद आज़मगढ़ में तीन महिला आरक्षियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण / मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी सदर एवं पर्यवेक्षण अधिकारी आस्था जायसवाल के नेतृत्व में यह अभियान जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
सम्मानित की गई महिला आरक्षियों का विवरण:
1. महिला आरक्षी प्रीति सिंह (थाना देवगांव)
एक संवेदनशील प्रकरण मु0अ0सं0 355/2025 धारा 137(2)/87 बीएनएस के अंतर्गत कार्य करते हुए, उन्होंने मात्र 12 घंटे में नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सुपुर्द किया। उनके त्वरित व कर्तव्यनिष्ठ कार्य को सराहा गया।
2. महिला आरक्षी पूजा पाण्डेय (थाना पवई)
एन्टी रोमियो ड्यूटी के तहत सक्रिय रहते हुए, उन्होंने शोहदों/मनचलों के विरुद्ध अभियान चलाया, जिसके तहत दो वाहनों को सीज़ किया गया एवं 90 व्यक्तियों को धारा 168 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किए गए।
3. महिला आरक्षी पूजा यादव (थाना जीयनपुर)
इन्होंने अपने थाना क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेजों व ग्राम/वार्डों में चौपालों का आयोजन कर महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्र व महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 181, 1098, 1930, 112 आदि के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा कानूनों, सरकारी योजनाओं और साइबर अपराध से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने इन महिला आरक्षियों को उनके समर्पण, निष्ठा और अनुकरणीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मिशन शक्ति की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम
जनपद आज़मगढ़ में मिशन शक्ति के तहत पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत संदेश दे रहे हैं। यह सम्मान महिला आरक्षियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
No comments