आजमगढ़ से दिल्ली के लिए नई ट्रेन जल्द होगी शुरू, निरहुआ ने रेलमंत्री से की मुलाकात
आजमगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और आजमगढ़ के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने हाल ही में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर आजमगढ़ को देश की राजधानी दिल्ली और पूर्वांचल के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी देने की दिशा में चर्चा की।
मुलाकात के दौरान निरहुआ ने वाराणसी-गोरखपुर रेल लाइन (आजमगढ़ होकर) के शीघ्र निर्माण कार्य की मांग की और साथ ही आजमगढ़ से दिल्ली के लिए एक नई ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा। रेलमंत्री से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद निरहुआ ने बताया कि “आजमगढ़ से दिल्ली के लिए नई ट्रेन की सौगात मिलने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।”
निरहुआ ने बताया कि संसद में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने आजमगढ़ से दिल्ली के लिए एक और ट्रेन चलाने की मांग को मजबूती से उठाया था। अब उस पर शीघ्र ही अमल होने जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि वाराणसी से गोरखपुर के बीच आजमगढ़ होकर प्रस्तावित रेल लाइन का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है और अंतिम परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रेल परियोजना के शुरू होने से आजमगढ़ को वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ से सीधा रेल संपर्क प्राप्त होगा। इससे न केवल आवागमन में सुविधा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे।
निरहुआ ने कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल के पिछड़े क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने आजमगढ़ की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि – आजमगढ़ की जनता ने मुझ पर जो प्यार और विश्वास जताया है उसे वह कभी नहीं भूलेंगे। ऐसे में जब तक आजमगढ़ एवं आस-पास के क्षेत्रों को अपेक्षित रेल अवसंरचना उपलब्ध न हो जाए और जब तक क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित न हो जाए तब तक वह अपने प्रयासों को जारी रखेंगे। दिनेश लाल यादव निरहुआ ने यह भी कहा कि आजमगढ़वासी जब भी उन्हें याद करेंगे वह हर मौके पर उपलब्ध रहेंगे।

No comments