सीडीओ का आकस्मिक निरीक्षण: जिला अस्पताल में मचा हड़कंप, कई खामियां उजागर
आजमगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने मंगलवार को जिला मंडलीय अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अस्पताल में मिल रही शिकायतों, खासकर डिजिटल एक्स-रे मशीन से संबंधित अनियमितताओं को लेकर यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने डिजिटल एक्स-रे यूनिट और सर्जिकल स्टोर का विस्तार से जांच की, जहां कई कमियां सामने आईं। स्टोर के इंचार्ज अनिल राय बिना सूचना दिए अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीडीओ ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
पिछले कुछ दिनों से जिला प्रशासन को अस्पताल के डिजिटल एक्स-रे विभाग से संबंधित कई शिकायतें मिल रही थीं। जिसके बाद मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना मंगलवार की सुबह अचानक जिला मंडलीय अस्पताल पहुँच गए। इस दाैरान अस्पताल में सर्जिकल स्टोर में ताला बंद मिला। फार्मासिस्ट बिना किसी सूचना के अनुपस्थित था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। सीडीओ ने चाबी मंगवाकर स्टोर खुलवाया। इसके बाद सीडीओ ने डिजिटल एक्स-रे यूनिट और सर्जिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
एक्स-रे मशीन के रखरखाव में कमी, रिकॉर्ड अपडेट नहीं मिला। सर्जिकल स्टोर में दवाओं की एक्सपायरी डेट, स्टॉक और वितरण प्रक्रिया की जांच की गई। स्टोर इंचार्ज की अनुपस्थिति को गंभीर बताते हुए सीडीओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि दोषियों की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने सीडीओ को दैनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
सीडीओ ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की जांच की गई। "हमने डिजिटल एक्स-रे मशीन की कार्यप्रणाली, उसके रखरखाव और उपयोग से जुड़ी शिकायतों की जांच की। साथ ही, सर्जिकल स्टोर में दवाओं, उपकरणों और स्टॉक की स्थिति का आकलन किया गया। स्टोर इंचार्ज की अनुपस्थिति एक गंभीर मुद्दा है, जिसकी रिपोर्ट तैयार करके जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।" उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही को कतई सहन नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments