Breaking Reports

एक ही रात में दो एनकाउंटर, बिहार और यूपी के लूटेरों पर आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई



आजमगढ़ : पुलिस को एक ही रात में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्राज्यीय लूट, चोरी, छिनैती और ठगी में सक्रिय गिरोह के चार अपराधी घायल व गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें से दो अपराधी कोतवाली क्षेत्र में और दो रानी की सराय थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए। सभी बदमाशों के खिलाफ आजमगढ़ सहित कई जनपदों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली कि बेगूसराय (बिहार) निवासी विकास कुमार शाह (28) और खगड़िया निवासी इन्दल (26) अवैध हथियारों के साथ वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने वंशी बाजार उकरौडा-ककरहटा मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में विकास कुमार शाह को पैर में गोली लगी, जबकि इन्दल को मौके पर दबोच लिया गया।

पुलिस ने अभियुक्त के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, अपाची RTR मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। विकास के खिलाफ गाजीपुर, रायबरेली, कुशीनगर और आजमगढ़ में 5 मुकदमे, इन्दल का एक मुकदमा आजमगढ़ में दर्ज हैं।

इसी तरह देर रात ग्राम मझगांव कट के पास हाईवे पर थाना रानी की सराय पुलिस और अपराधियों के बीच दूसरी मुठभेड़ हुई। खगड़िया (बिहार) निवासी विक्की कुमार (33) और रानी की सराय निवासी रितेश सोनकर (42) ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को तुरंत पीएचसी रानी की सराय से जिला अस्पताल रेफर किया गया। अभियुक्त के पास से देशी पिस्टल, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और ₹1250 नकद बरामद किया गया है। विक्की के खिलाफ महराजगंज, कुशीनगर व आगरा में 3 मुकदमे, रितेश का एक पुराना मुकदमा रानी की सराय में दर्ज है

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान में ये दोनों सफलताएं अपराधियों में दहशत और आमजन में सुरक्षा की भावना जगाने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस महकमे ने सभी टीमों की त्वरित और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है।

No comments