आजमगढ़ में फिर दिखे ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर, कॉलोनी में रास्तों को लेकर बढ़ा विवाद
आजमगढ़ : जिले में एक बार फिर लोगों के घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगने का मामला सामने आया है। इस बार मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज के पीछे स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी का है, जहां प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बेची गई जमीनों के बीच बने रास्तों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया है कि दो पक्षों ने एक-दूसरे के रास्ते बंद कर दिए, जिससे आम लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक, रास्ते बंद होने के कारण बच्चों का स्कूल जाना, रोज़मर्रा की जरूरतों की पूर्ति और वाहनों का घर तक पहुंचना तक मुश्किल हो गया है। आक्रोशित लोगों ने विरोधस्वरूप अपने घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं, ताकि प्रशासन और समाज दोनों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया जा सके।
स्थानीय अधिवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि “हमें प्रॉपर्टी डीलरों ने कॉलोनी में जमीन बेचकर ठगा है। उन्होंने कॉलोनी के मानचित्र और रास्तों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। अब जब रास्तों पर विवाद हुआ है, तो आम नागरिक फंस गए हैं और डीलरों ने कोई जिम्मेदारी नहीं ली।”
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर प्रशासन और पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में आक्रोश इतना बढ़ गया है कि उन्होंने अपने घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर तक लगा दिए हैं। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनी में बने रास्तों का सर्वे कराकर वैध और स्थायी मार्ग निर्धारित किया जाए, ताकि स्थानीय लोग राहत की सांस ले सकें।

No comments