Breaking Reports

गांव के सिवान में मिला मानव कंकाल, इलाके में दहशत—पुलिस ने शुरू की जांच



आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव के सिवान में रविवार को एक मानव कंकाल मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में धान कटाई कर रहे ग्रामीणों की नजर अचानक बिखरे हुए मानव अवशेषों पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की घेरेबंदी कर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने बताया कि खेत में मानव खोपड़ी, हाथ-पैर की हड्डियां और अन्य अवशेष कई टुकड़ों में अलग-अलग स्थानों पर फैले हुए थे। कुछ दूरी पर पीले रंग की एक साड़ी भी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने कंकाल को एक बोरे में एकत्रित कर पोस्टमार्टम एवं डीएनए परीक्षण के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव की 65 वर्षीय महिला विद्यावती, पत्नी रामनिवास मिश्रा, 4 अक्टूबर 2025 से लापता थी। परिजनों ने अहरौला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और लगातार खोजबीन कर रहे थे। घटनास्थल पर मिली साड़ी को जब परिजनों को दिखाया गया, तो उनके इकलौते पुत्र अरविंद मिश्रा ने उसकी पहचान कर ली। इसके आधार पर पुलिस ने कंकाल की पहचान विद्यावती के रूप में की।

47 दिन बाद मिला सिर्फ कंकाल

गुमशुदगी के 47 दिन बाद महिला के अवशेष केवल हड्डियों के रूप में मिलना और शरीर के हिस्सों का अलग-अलग स्थानों पर होना ग्रामीणों के बीच कई तरह की शंकाओं को जन्म दे रहा है। हालांकि अभी तक किसी तरह की चोट या अपराध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतका के डीएनए परीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

मृतका का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उनका इकलौता पुत्र अरविंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। अरविंद ने अपनी मां के अवशेषों का अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई है, ताकि वह पुत्र धर्म निभा सके।

अहरौला थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

No comments