Breaking Reports

एसएसपी की सख्ती : फर्जी जमानतदारों पर पुलिस का शिकंजा, 51 अपराधी एक साथ गिरफ्तार



आजमगढ़ : पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत पुलिस ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने और फर्जी जमानतदारों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान में 41 फर्जी जमानतदारों और 10 आरोपियों पर कुल 51 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय की तहरीर पर दर्ज मामले में खुलासा हुआ कि कई जमानतदारों ने एक ही संपत्ति या खतौनी के आधार पर कई आरोपियों की जमानतें ली थीं। कुछ अधिवक्ताओं की ओर से दो से तीन हजार रुपये लेकर पेशेवर जमानतदारों के माध्यम से जमानत दिलवाने का धंधा चलाया जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इन जमानतदारों के दस्तावेज और पहचान पत्र वकीलों के पास ही रहते थे, जिन्हें बार-बार उपयोग में लाया जाता था। 



पुलिस ने इस संबंध में थाना कोतवाली में कुल 99 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया। इसमें 50 जमानतदार, 49 आरोपी शामिल हैं। विवेचना प्रभारी निरीक्षक क्राइम ब्रांच सुदेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में खलील उर्फ खलीलुर्रहमान मुबारकपुर, जितेंद्र उर्फ पक्का यादव मऊ, अफरोज देवगांव, सचिन राजभर, अजय बरदह, बदरूद्दीन बिलरियागंज, अब्दुल्ला शेख फूलपुर और जावेद अख्तर सरायमीर प्रमुख नाम हैं। 

एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों को कानूनी छूट देने वाले नेटवर्क को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे पेशेवर जमानतदारों और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ आर्थिक, कानूनी और आपराधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments