डीएम रविंद्र कुमार का बड़ा एक्शन: इन दवाओं की बिक्री पर सख्ती, मेडिकल स्टोरों की होगी जांच
आजमगढ़ : जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को स्वापक नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की रोकथाम के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। डीएम ने औषधि निरीक्षक को जिले के सभी मेडिकल स्टोरों का गहन निरीक्षण करने और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सीएचसी, पीएचसी और सरकारी अस्पतालों के आसपास स्थित मेडिकल स्टोरों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्राइवेट स्टोर पर सरकारी लोगो वाली दवाएं बेची जाती पाई गईं तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने औषधि निरीक्षक को निर्देश दिया कि नशीली दवाओं की जांच के लिए पुलिस विभाग से समन्वय कर उपकरण प्राप्त किए जाएं, और निरीक्षण के समय थानाध्यक्ष से पुलिस बल साथ रखा जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि किसी के पास व्यावसायिक मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद होते हैं, तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही एनडीपीएस एक्ट के मामलों में तत्काल अंतिम रिपोर्ट लगाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम रविंद्र कुमार ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि स्कूलों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच पोस्टर, बैनर वितरित किए जाएं, और निबंध, कहानी, चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। इसके साथ ही सभी छात्रों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के तरीकों पर सूचना का आदान-प्रदान तेज किया जाए ताकि नेटवर्क को तोड़ा जा सके।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी, औषधि निरीक्षक सीमा वर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments