Breaking Reports

खाद्य सुरक्षा विभाग की आजमगढ़ में बड़ी कार्रवाई, 88 किलो भुना चना सीज, 23 दुकानों पर छापा



आजमगढ़ : खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को भुना चना में प्रतिबंधित रंग के प्रयोग को रोकने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो भुना हुआ चना सीज कर दिया। इसके अलावा तीन नमूने भी लिये। इसी के साथ ही उपभोक्ताओं को विभागीय अधिकारियों ने जागरूक किया। भुना चना , खाद्य पदार्थ को अप्राकृतिक रूप से आकर्षक बनाने के लिए डाई औरामिन के प्रयोग को प्रतिबंधित किया गया है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को जिले में भुने हुए चना के भंडारण, परिवहन व विक्रय करने वाले 23 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान नगर पालिक परिषद आजमगढ़ से दो दुकानों से भुना चना के नमूने संग्रहित किए गए। लालगंज तहसील के ठेकमा बाजार से एक भुना चना का नमूना संग्रहण किया गया। इसके बाद प्रतिबंधित रंग के प्रयोग के संदेह पर 88 किलो (दस हजार पांच सौ 60 रुपये) का चना सीज किया गया।

छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी, अमरनाथ, गोविंद यादव, लालमणि यादव, राजीव कुमार सिंह, रजनीश कुमार, शीत कुमार सिंह, बेबी सोनम, सुचित प्रसाद शामिल रहे। सहायक आयुक्त (खाद्य) सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि खाद्य सुरक्षा सचल दल ने तीन नमूनें संग्रहित करते हुए विभिन्न बाजारों में भुना चना से संबंधित खाद्य कारोबारियों के साथ ही उपभोक्ताओं को जागरूक भी किया गया। 

बिलरियागंज, बूढ़नपुर में एफएसडब्लू के माध्यम से खाद्य कारोबार कर्ताओं एवं आमजनमानस को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि छापेमारी की कार्यवाही अनवरत रूप से जारी रहेगी। आम लोगों से अपील की कि वे पैक्ड खाद्य सामग्री लेने से पहले उसकी बेस्ट बिफोर एवं एक्पायरी डेट जांच परख करने के बाद ही क्रय करें। चमकीली एवं रंगीन मिठाईयों व रंगीन खाद्य पदार्थों से परहेज करें।

No comments