Breaking Reports

घर से कुछ ही दूर संदिग्ध परिस्थिति में ऑटो चालक का मिला शव



आजमगढ़ : महराजगंज थाने के मुड़ीलपुर गांव निवासी 35 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक सोमवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे अपने दोस्त के साथ घर से निकला और मंगलवार की भोर  में घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। महराजगंज थाने के मुड़ीलपुर गांव निवासी अजय सिंह पुत्र महंत सिंह आटो रिक्शा चलाता था। वह सोमवार की शाम को बाजार में दवा और सब्जी खरीदने के लिए गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे अपने एक दोस्त के साथ बाइक से घर आया और परिजनों को सब्जी देकर पुनः अपने दोस्त के साथ घर से निकल गया। देर रात तक घर पर लौट कर नहीं आया। मंगलवार को भोर में उसके घर से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर दौड़ लगा रहे युवकों ने सहदेवगंज मार्ग पर शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। उसकी बाइक थोड़ी दूर पर गिरी पड़ी थी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पर आई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
  जानकारी होने पर मौके पर शव न होने पर परिजन थाने पर पहुंच गए। तब तक शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। परिजन हत्या की आशंका जता रहे थे। जबकि पुलिस दुर्घटना में मौत बता रही थी। 
  महराजगंज थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में आटो रिक्शा चालक की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बहरहाल मृत चालक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments