एफडीए की टीम ने छापेमारी कर गोदाम से बरामद की 12 क्विन्टल मिलावटी मिठाई
आजमगढ़ : खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर विभिन्न दुकानों के माध्यम से मिलावटी मिठाई खपाने की तैयारी को ध्वस्त कर दिया। बाहर से मंगाकर एक गोदाम में रखी गई लगभग 12 क्विटल मिठाई में से पांच अलग-अलग नमूने लिये। बाद में गड़बड़ी की आशंका पर सीलकर जांच के लिए राजकीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया। इस कार्रवाई से मिलावटी मिठाई बेचने की तैयारी में लगे अन्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय को सूचना मिली कि सिधारी थानांतर्गत जाफरपुर गांव स्थित एक गोदाम में वाराणसी, कानपुर और गाजीपुर से काफी मात्रा में मिलावटी मिठाई मंगाकर रखी गई है। एफडीए की टीम ने थोक कारोबारी हृदयेश राय पुत्र शिवबदन राय निवासी ओहनी थाना तहबरपुर के गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान रसगुल्ला, सोनपापड़ी, मिल्ककेक, कराची हलवा और कलाकंद सहित कुल 12 ोक्वटल मिठाई बरामद की गई। मिठाई से बदबू आ रही थी। एफडीए की टीम ने पांच नमूने लिए और मिठाई को नष्ट करा दिया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी यादव, आरबी चौहान, आरके शुक्ला, प्रेमचंद और हरेंद्र शामिल थे।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments