चोरों ने घर में घुस कर लाखों का माल किया पार
आजमगढ़ : सिधारी थाना क्षेत्र के घोरठ गांव निवासी रमेश पांडेय पुत्र स्व0 रामनयन पांडेय का परिवार शनिवार की रात में मकान के अंदर हाल में ही टीवी देखते-देखते सो गया था। रात लगभग दो बजे बगल में पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान पर चढ़ कर चोर रमेश पांडेय के मकान के छत पर पहुंचे और एलवेस्टर तोड़ कर सीढ़ी से होते ही आंगन में उतर गए। कमरे में घुस कर आलमारी में रखे नकदी सहित लाखों का जेवरात चुरा ले गए। सुबह लगभग साढ़े चार बजे नींद टूटने पर परिवार की महिलाएं कमरे में गईं तो आलमारी में रखा नगदी सहित जेवरात गायब देख शोर मचाना शुरू कर दिया। गृहस्वामी के अनुसार चोरी 35 हजार नकदी के अलावा सोने के दो हार, चार मंगलसूत्र, 10 अंगूठी, चेन सहित लगभग 22 लाख का जेवरात चुरा ले गए। 100 नंबर पर सूचना मिलने पर सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ कर चली गई। इस संबंध में पीड़ित ने सिधारी थाने पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments