अयोध्या में भगवान् श्रीराम की विशालकाय प्रतिमा होगी स्थापित, प्रतिमा की ऊँचाई 221मीटर होगी
लखनऊ : राम मंदिर निर्माण की मांग के बीच प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में भगवान राम की 221 मीटर ऊंची मूर्ति बनाने का फैसला किया है। यह भव्य मूर्ति कांसे की होगी। इस मूर्ति के साथ अत्याधुनिक म्युजियम भी स्थापित होगा। इसमें अयोध्या और राम से जुड़ा पूरा इतिहास होगा।
मुख्यमंत्री के समक्ष देर रात मूर्ति का प्रजेंटेशन हुआ। इसमें शार्टलिस्टेड पांच वास्तुविद फर्मों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के सामने धनुष पर बाण चढ़ाने के लिए तत्पर वनवासी राम के स्वरूप वाली मूर्ति थी तो अलग-अलग स्वरूप में राजा राम के छवि वाली एकल मूर्ति रखी गई। मुख्यमंत्री ने छत्र के नीचे भगवान राम की पूर्ण स्वरूप वाली राजा राम के वेश वाली मूर्ति को लगाए जाने पर अपनी सहमति दी। प्रजेंटेशन के समय प्रसिद्ध मूर्तिकार रामसुतार भी मौजूद थे।
भगवान राम की मूर्ति का डिजायन फाइनल हो चुका है और इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूरी दे दी है। मूर्ति बनने की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने ट्वीट किया, ''राम जन्मभूमि अयोध्या में मर्यादा पुरुष भगवान् श्रीराम की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की जाएगी। जिसकी उँचाई लगभग 221 मीटर होगी।'' जानकारी के मुताबिक इस मूर्ति की ऊंचाई 151 मीटर है, जबकि उसके ऊपर 20 मीटर ऊंचा छत्र और 50 मीटर का आधार (बेस) होगा।
50 मीटर ऊंचे बेस/पैडस्टल के अंदर ही भव्य एवं अत्याधुनिक म्यूजियम स्थापित होगा। इसमें सप्तपुरियों में अयोध्या का इतिहास, इक्ष्वाकु वंश के इतिहास में राजा मनु से लेकर वर्तमान श्रीराम जन्मभूमि तक का इतिहास, भगवान विष्णु के समस्त अवतारों के विवरण के साथ देश के समस्त सनातन धर्मों के विषय में अत्याधुनिक तकनीक पर प्रदर्शन की व्यवस्था होगी।
आजमगढ़ रिपोर्ट


No comments