मातृ एवं शिशु कल्याण मंत्री का महिला अस्पताल में आकस्मिक निरीक्षण, सीएमएस को लगाई फटकार
आजमगढ़ : महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण, पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने रविवार की दोपहर जिला महिला अस्पताल के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गंदगी व दुर्व्यवस्था देख सीएमएस को फटकार लगाई। इसी के साथ ही महिला अस्पताल के बंद पूर्वी गेट को खोलवाने के लिए एसडीएम को निर्देश दिया।
रीता बहुगुणा जोशी जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण करने के लिए दिन में लगभग सवा ग्यारह बजे जिला महिला चिकित्सालय पहुंची। जब अस्पताल में पहुंची तो वहां कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं थे। डाक्टरों के कक्ष व सीएम के कक्ष में भी ताला लटका हुआ था। वे सीधे उस वार्ड में पहुंची जहां प्रसूताएं भर्ती थी। वार्ड के सामने गलियारे में स्वीपर पोछा लगा रहा था। बगैर फिनायल का पोछा लगाते देख स्टाफ नर्स से पूछा तो उन्होंने कहा कि फिनायल से पोछा लगता है। स्वीपर से पूछा तो उसने भागकर खाली गैलन लेकर आया। इस पर वे नाराज हो गई। अस्पताल की सफाई ठेका लेने वाली कंपनी एएन कपूर जैनिटर प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ के बारे में सीएम से पूछा तो उन्होंने बताया कि उक्त कंपनी का ठेका खत्म हो गया है। इस पर वे नाराज हो गई और बोली ठेका खत्म हो गया तो उक्त कंपनी के कर्मी क्यों सफाई कर रहे हैं। वार्ड से लेकर शौचालय व बाथरूम में गंदगी का अंबार पाया। शौचालय में पानी की टोटी खुली हुई थी और पानी बह रहा था। अस्पताल की सिवर लाइन जाम मिला। अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ था। गंदगी व दुर्व्यवस्था देख सीएमएस डा. अमिता अग्रवाल को फटकार लगाई। साथ ही अस्पताल के बंद पूर्वी गेट को खोलवाने के लिए एसडीएम सदर को निर्देशित किया। अस्पताल के रसोइ घर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जमीन पर बैठकर रसोइयां को भोजन बनाते हुए पाया। इस पर नाराजगी जताई। दाल व रोटी की गुणवत्ता को भी उन्होंने परखा। अच्छे क्वालिटी का भोजन न देख वे बिफर पड़ी और सीएमएस को सुधार लाने का निर्देश दिया। जिस समय वे रसोईघर का निरीक्षण कर रही थी उसी दौरान एक स्टाफ नर्स चप्पल पहन कर अंदर घुस गई। इस पर उन्होंने नर्स को फटकार लगाई।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments