मंत्री अपना समय अधिक से अधिक क्षेत्र और संगठनात्मक कार्यक्रमों में बितायेे : बीजेपी
लखनऊ : लोकसभा चुनाव करीब आने के साथ ही बीजेपी ने अपने मंत्रियों को संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी याद दिलानी और जवाबदेही तय करनी शुरू कर दी है। मंत्रियों को दफ्तर और बंगले से निकलकर अधिक से अधिक समय संगठनात्मक अभियानों और क्षेत्र में देने को कहा गया है। कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान खास तौर पर सुर नरम रखने और ज्यादा सुनने की नसीहत भी दी गई है।
पिछले महीने के आखिर में संगठन की अगुवाई में हुई सरकार के मंत्रियों की बैठक में शीर्ष नेतृत्व द्वारा कहा गया कि आप पार्टी के कार्यकर्ता पहले हैं और मंत्री बाद में। इसलिए चुनावी समय में अब अपनी पूरी ऊर्जा 2019 की जमीन तैयार करने में लगाइए। मंत्रियों को इसके साथ ही 146 बिंदुओं के साथ संगठनात्मक अभियानों की सूची पकड़ा दी गई जिसमें उनकी सक्रिय भूमिका रहनी है।
मंत्रियों को अधिक से अधिक समय क्षेत्र और संगठनात्मक कार्यक्रमों में बिताने के लिए कहा गया है। चुनावी समय में अपेक्षा और उलाहना दोनों ही स्वर जनता और कार्यकर्ता की ओर से उठते हैं। मंत्रियों को ऐसे मौके पर खास तौर पर नरम रुख और धैर्य रखने को कहा गया है। जिससे लोगों को सुन और समझा उनकी नाराजगी दूर की जा सके। संगठन के पास पहले भी कुछ मंत्रियों की कार्यकर्ताओं को तवज्जो न देने की शिकायतें आती रहीं हैं। बूथ समिति के 10 से 15 नवंबर तक होने वाले अभिनंदन कार्यक्रम भी निचले स्तर के कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर कर उनकी पीठ थपथपाने की रणनीति का हिस्सा हैं।
सोर्स : एनबीटी

No comments