Breaking Reports

पुरानी पेंशन हमारा हक है जिसे कोई भी सरकार छीन नहीं सकती : ओमप्रकाश



आजमगढ़ : मंगलवार को शिब्ली इंटर कालेज परिसर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक के पूर्व महामंत्री एवं एमएलसी अमर सेनानी स्व. पंचानन राय के 76वें जन्मदिन एवं संघ के 48वां जनपदीय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष, विधान परिषद सदस्य व नेता शिक्षक दल विधान परिषद ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि नई पेंशन योजना पेंशन नहीं शुद्ध रूप से धोखा है। पुरानी पेंशन पुन: शिक्षक कर्मचारियों पर लागू कराना हमारी प्रतिबद्धता है। पेंशन भीख नहीं हमारा अधिकार है और हम इसे लेकर रहेंगे।
सैकड़ों शिक्षक की उपस्थिति के बीच श्री शर्मा ने कहा कि शिक्षक संघ के गठन का उद्देश्य शिक्षक हित में सरकार से संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन हमारा हक है जिसे कोई भी सरकार छीन नहीं सकती। जिन लोगों ने इस तरह का काम किया है उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। पुरानी पेंशन योजना लागू कराने के लिए संगठन कोई भी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेगा। इसके लिए खून की अंतिम बूंद तक संघर्ष करेंगे। पेंशन बुढापे का सहारा होती है। सरकार ने इसे समाप्त करके गैर संवैधानिक कार्य किया है। शिक्षकों को निश्शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा सुविधा दिलाना, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक बनवाना और उन्हें सहायता प्राप्त मा. शिक्षकों की तरह वेतन एवं सेवा सुरक्षा से आच्छादित करना, रिक्त पदों पर अविलंब शिक्षकों की तैनाती, व्यवसायिक तथा कंप्यूटर शिक्षकों को सृजित पदों के प्रति समायोजित कराकर उन्हें पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा प्रदान करवाना संगठन की प्राथमिकता व प्रतिबद्धता में है। अंत में कहा कि शिक्षक संघ की मशाल जब तक जलती रहेगी हमारी उपलब्धियां कोई छिन नहीं सकेगा। क्षेत्रीय शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की हमारी मांग को स्वीकार नहीं किया गया तो 2019 के चुनाव में संगठन को राजनैतिक निर्णय लेने को बाध्य होना पड़ेगा। सम्मेलन में एमएलसी हेम सिंह पुंडोर, एमएलसी जगवीर किशोर जैन, एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी, ध्रुव कुमार त्रिपाठी एमएलसी, सुबाषचंद्र शर्मा एमएलसी, डा. प्रमोद कुमार मिश्र व इंद्रासन सिंह सहित आदि लोग ने विचार व्यक्त किया। सम्मेलन में चार सौ से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षक को सम्मानित किया गया। इसके पूर्व स्व. पंचानन राय के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अध्यक्षता वृजेश राय, संचालन जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने किया। सम्मेलन के अंत में मीडिया प्रभारी डा. विरेंद्र कुमार मौर्य द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments