एटीएम बदल कर पैसा निकालने वाले गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
आजमगढ़ : सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेवां मोड़ के समीप से बुधवार की रात को पुलिस ने साइबर क्राइम गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
सरायमीर थाने के एसआई राजीव कुमार पुलिस दल के साथ बुधवार की शाम खरेवां मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक गाड़ी में एटीएम बदल कर पैसा निकालने वाले गैंग के कुछ सदस्य क्षेत्र में फ्राड करने की नीयत से आ रह हैं। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाश लेने पर विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड पाए गए। बोलेरो भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार अंगद राजभर पुत्र सुबेदार राजभर बरदह थाने के देहदुवार, अमरजीत कुमार राजभर पुत्र साहब लाल राजभर महुला नेवादा और सतीष राजभर पुत्र उमेश राजभर दीदारगंज थाने के बनगांव का अपने आप को निवासी बताया।
सरायमीर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान जिले के साथ ही जौनपुर में भी एटीएम बदल कर पैसा निकालना स्वीकार किया। गिरफ्तार अंगद राजभर एटीएम बदल कर चोरी और बलात्कार के आरोप में भी जेल जा चुका है। इसके खिलाफ जौनपुर में एक और आजमगढ़ में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमरजीत राजभर वर्ष 2017 में दिल्ली में एटीएम बदल कर चोरी के आरोप में जेल जा चुका था। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है। तीनों ने जौनपुर जिले में 22 नवंबर को एटीएम बदल कर पैसा निकाला था। उक्त सभी आरोपित जेल से छूटने के बाद पुन: आपराधिक घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिए थे।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments