मुकदमा हारने से बौखलाए युवक ने अपनी पहली बीबी और पुत्री को किया घायल
आजमगढ़ : मुबारकपुर कस्बे में आज भोर में मुकदमा हारने से बौखलाए पति ने पहली बीबी को राड और चाकू से वार कर 13 साल की पुत्री को घायल कर दिया।
मुबारकपुर कस्बे के रजानगर बलुवा मोहल्ला निवासी अंसार अहमद पुत्र अब्दुल गफ्फार की पहली शादी नासरा खातून से हुई है। अंसार ने बाद में दूसरी शादी कर ली। इस पर नासरा खातून ने हर्जा खर्चा के लिए कोर्ट में मुकदमा कायम कर दिया था। पहली बीबी नासरा रजा नगर बलुवा मोहल्ले में पुराने मकान में रहती है। जबकि अंसार दूसरी बीबी के साथ नेवादा पूर्वी मोहल्ले के मकान में रहता है। पहली बीबी से एक माह पूर्व अंसार मुकदमा हार गया। कोर्ट से 12 लाख रुपये हर्जाना लगाए जाने पर बौखलाया अंसार रविवार की भोर में लगभग चार बजे नासरा खातून के घर पर तमंचे के साथ चढ़ गया। मुकदमे में समझौता करने को कहा। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। तब तक अंसार ने नासरा पर राड से प्रहार कर दिया। विरोध में सामने आने पर 13 साल की पुत्री सना जहिन पर चाकू से वार कर दिया। शोर सुनते ही मोहल्ले के लोग दौड़ पड़े। लोगों से घिरते ही भाग रहे अंसार ने तमंचा निकाल लिया और गोली मार दी। गोली लगने से रजा नगर बलुवा निवासी 50 वर्षीय महफूज पुत्र मो.मुस्तफा और नेवादा पूर्वी निवासी 50 वर्षीय ओबैदुर्रहमान पुत्र मो.उस्मान घायल हो गया। इस बीच आक्रोशित लोगों ने दौड़ कर भाग रहे अंसार को धर दबोचा और धुनाई कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अंसार को हिरासत में लेकर मुबारकपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। जबकि घायल नासरा खातून और उसकी पुत्री को मुबारकपुर सीएचसी पर भर्ती कराया गया। गोली लगने से घायल महफूज और ओबैदुर्रहमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।
आजमगढ़ रिपोर्ट


No comments