आटो रिक्शा में मिला शव, गला घोटकर हत्या की जताई आशंका
आजमगढ़ : गंभीरपुर थाने के क्षेत्र के अबू साईदपुर गांव के पास बुधवार की सुबह आटो रिक्शा में चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे सीओ सदर अकमल खां, एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाने के जित्तूगंज-फरिहां मार्ग पर अबू सईदपुर गांव के पास बुधवार को सुबह लगभग छह बजे ग्रामीणों ने रोड किनारे खड़े आटो रिक्शा की पिछली सीट पर 24 वर्षीय युवक को मृत देखा तो सन्न रह गये। खबर मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृत युवक के मुंह और नाक से झाग निकला था और जीभ बाहर निकली थी। ग्रामीण गला दबा कर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर कर रहे थे। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाने के पुलिस के साथ ही सीओ सदर और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृत युवक की जेब से एक हजार 78 रुपये बरामद किए गए। शिनाख्त न होने पर शव को थाने पर भिजवा दिया। इस बीच पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि भी मौके पर पहुंचे। आटो नंबर से डिटेल निकलवाने के बाद मृत युवक की शिनाख्त ऑटो चालक अनिल पुत्र सुबेदार रानी की सराय थाने के सईगड़ा गांव के निवासी के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहचान की। परिजनों ने पुलिस को हत्या किए जाने की तहरीर दी। इस पर अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments