यूपी भर्ती परीक्षाएंओं का पेपर राज्य से बाहर छपेगा
लखनऊ : प्रदेश सरकार ने राज्य में होने वाली भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां रोकने के लिए नई योजना बनाई है। प्रदेश सरकार ने पेपर लीक से बचने के लिए पेपर को यूपी से बाहर की प्रिंटिंग प्रेस में छपवाने का फैसला लिया है। प्रेस के लिए भी दिशा निर्देंश जारी किया है जिसमें प्रेस चारों ओर से सीसीटीवी कैमरों से घिरी हो। सुरक्षा के पूरे इंतजाम हों। साथ ही कोई काम या कर्मचारी आउटसोर्सिंग का न हो। बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित हो। मोबाइल फोन व कैमरा आदि ले जाने पर रोक हो।
गड़बड़ियां रोकने को लिए सरकार ने निम्न दिशा निर्देश जारी किये हैं-
- यूपी लोक सेवा आयोग प्रयागराज और यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित सभी आयोगों और बोर्डों से कहा गया है कि परीक्षा कराने की एजेंसी के चयन में खास सतर्कता बरती जाए। संदेहात्मक एजेंसी को यह काम न सौंपा जाए।
- संदेहात्मक विद्यालयों और संस्थानों को भर्ती परीक्षा के लिए केंद्र न बनाया जाए। साथ ही रेंडम बेसिस पर परीक्षा केंद्रों का आवंटन करें, जिससे एक ही स्थान के परीक्षार्थी एक ही परीक्षा केंद्र पर बैठकर परीक्षा न दे सकें।
- प्रदेश सरकार ने भर्ती परीक्षा केंद्रों का चयन करने के लिए मानक तय किए हैं। इसके चयन में जिला प्रशासन का योगदान लिया जाए। परीक्षा केंद्र के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि उसकी बाउंड्रीवाल हो और बंद करने वाला गेट लगा हो। परीक्षा केंद्र में सभी परीक्षा कक्षों में प्रकाश और पंखों की समुचित व्यवस्था हो। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगे हों।
- परीक्षार्थियों के बैग, मोबाइल रखने की व्यवस्था हो। केंद्र पर तलाशी की व्यवस्था की जाए।
- महिलाओं के लिए महिलाएं ही तलाशी लें।
- परीक्षा केंद्रों का निर्धारण डीएम की अध्यक्षता में कमेटी करेगी। जिसके सदस्य एसएसपी, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा के अधिकारी, एनआईसी के अधिकारी व डीआईओएस सदस्य होंगे। कमेटी यह भी देखेगी कि केंद्र की दूरी ज्यादा न हो।
- परीक्षा के कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा से कुछ समय पहले ही कक्ष निरीक्षक नहीं बनाया जाए।
- प्रश्नपत्र बनाते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि जरुरत पड़ने पर अतिरिक्त सेट उपलब्ध रहे। नकल की गुंजाइश से बचने के लिए उत्तरों के विकल्प भी मल्टिपल सेट में रहें।
- कोषागार से परीक्षा केंद्र तक प्रश्नपत्र मजिस्ट्रेट व पुलिस सुरक्षा में स्टील ट्रक में और उसमें डिजिटल लाक लगाकर भेजा जाएं।

No comments