शार्ट सर्किट से आग लगने से दो रिहायशी मड़ई जल कर राख, भाई-बहन झुलसे
आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली के खिल्लूपट्टी गांव में मंगलवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे शार्ट सर्किट से आग लगने से दो रिहायशी मड़ई जल कर राख हो गई। आग के चपेट में आने से झुलस कर 22 बकरियों की मौत हो गई। आग बुझाने के प्रयास में भाई-बहन गंभीर रूप से झुलस गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली के खिल्लूपट्टी गांव निवासिनी लक्ष्मीना पत्नी स्व.उदयभान परिवार के रहने के लिए मड़ई डाल रखी थी। एक मड़ई में परिवार और गृहस्थी का सामान रखा था। जबकि दूसरी मड़ई में बकरी बांधी गई थी। मड़ई के ऊपर से हाई टेंशन का तार गुजरा है। मंगलवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे बिजली आते ही शार्ट सर्किट से आग की चिंगारी मड़ई पर गिरते ही आग लग गई। आग लगते ही परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़ पड़े। जब तक आग पर काबू पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मड़ई में बांधी गई 22 बकरियां झुलस कर मर गईं। वहीं बकरियों के निकालने के प्रयास में लक्ष्मीना का 22 वर्षीय पुत्र हरेंद्र कुमार और 15 वर्षीया पुत्री रेखा आग के चपेट में आने से झुलस गई। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के जवान जब तक आग पर काबू पाते, तब तक दो मड़ई सहित गृहस्थी के सामाने जल कर राख हो चुके।

No comments