तीन बैंकों को मर्ज करने की योजना के विरोध में बैंककर्मी हड़ताल पर
आजमगढ़ : बैंक आफ बडौदा, देना बैंक और विजया बैंक का एक बैंक के रूप में विलय करने के सरकार के निर्णय के विरुद्घ युनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर जिले के सारे बैंक बुधवार को हड़ताल पर रहे। इस दौरान बैंक कर्मचारियों ने यूनियन बैंक आफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय सिविल लाइन से एक जुलूस निकाला। इसकी वजह से 15 से 20 करोड़ की क्लीयरिंग प्रभावित रही। बैंक बंद होने की वजह से कैश के लिए उपभोक्ता इधर से उधर भटकते रहे।
बैंककर्मियों ने यूनियन बैंक की सिविल लाइन शाखा से जुलूस निकाला। यह जुलूस विभिन्न स्थानों से होता हुआ बैंक पर जाकर समाप्त हो गया। हड़ताली कर्मियों ने घूम-घूमकर समस्त प्राइवेट बैंकों को भी बंद करा दिया। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार छोटे बैंकों को मिलाकर बड़ा बैंक बनाने का सपना देख रही है, यह अनुचित है, क्योंकि छोटे बैंक किन्हीं कारणों व क्षेत्रीय जरूरतों के लिए बनाए गए हैं। उनके ग्राहकों का उस बैंक से ज्यादा लगाव होता है। बैंक कर्मी सरकार के इस फैसले के विरुद्ध पूरी तरह आंदोलन करते रहेंगे। चेतावनी दी कि सरकार अपने रवैये से बाज नहीं आई तो आगे भी हड़ताल जारी रहेगी। इस हड़ताल में जिले के लगभग 1500 कर्मचारी और अधिकारी शामिल रहे। इस मौके पर मोहम्मद आरिफ, राजेश प्रसाद सिंह, राजकुमार, सदरे आलम, आरके सिंह, विवेक सिंह, रिजवान अहमद आदि उपस्थित थे।

No comments