Breaking Reports

'रंग महोत्सव' का हुआ शुभारंभ



आजमगढ़ : रंगमंच व ललित कलाओं के लिए समर्पित 'हुनर' संस्थान द्वारा 'हमारी संस्कृति हमारी पहचान, हमारी विरासत हमारी शान' पर आधारित विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृतियों को प्रदर्शित करते 'रंग महोत्सव' का शुभारंभ बुधवार की देर शाम वेस्ली कालेज में हुआ। उद्घाटन सगड़ी की विधायक वंदना सिंह, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, डा. पीयूष सिंह यादव, डा. गायत्री कुमारी व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
  सुधीर गुप्ता को समर्पित महोत्सव की पहली शाम असम, उड़ीसा व गुजरात के कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों से दमक गई। ऐसा लग रहा था कि मानो पूरे भारत की कला-संस्कृति रंगमंच पर उतर आई हो। संस्थान के कलाकारों की मनमोहक दुर्गा स्तुति और गणेश वंदना से महोत्सव की शुरुआत हुई। दुर्गा एजुकेशनल एंड कल्चरल सोसायटी उड़ीसा, हेपह ग्रुप असम की पारंपरिक बिहू की प्रस्तुति ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। इसके बाद यंग थिएटर ग्रुप कोलकाता की तरफ से मानवीय संवेदना को उकेरता निर्मल हजारिका के निर्देशन में नाटक 'जागो ठेका रे' का मंचन हुआ। संचालन रंगकर्मी सुनीलदत्त विश्वकर्मा व आयोजन समिति के अध्यक्ष डा. पीयूष सिंह यादव ने आभार व्यक्त किया। इसके पूर्व आमंत्रित अतिथियों का स्वागत अभिषेक जायसवाल दीनू , संस्थान अध्यक्ष मनोज यादव व हेमंत श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर सदर रजिस्ट्रार सौरभ राय, विजयलक्ष्मी मिश्र, नीलिमा श्रीवास्तव, शिक्षाविद दीनानाथ श्रीवास्तव, मनोज बरनवाल आदि थे।

No comments