फोरलेन में गई भूमि का मुआवजा न मिलने पर किसानों ने किया प्रदर्शन, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़ : निर्माणाधीन फोरलेन गोरखपुर-वाराणसी वाया मऊ एनएच -29 के अर्न्तगत आने वाले ग्राम- कादीपुर, भैसाखरग, नवली, तारनपुर फरसना से होकर गुजरने वाली फोर लेन में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे को लेकर गुरुवार को किसानों ने मंडलायुक्त कार्यालय के बाद जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को मंडलायुक्त के नाम मुआवजे की मांग के लिए ज्ञापन दिया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि गोरखपुर-वाराणसी वाया मऊ नवली फोरलेन बाईपास के किसानों से एनएच 29 के कर्मचारियों द्वारा आठ जून को गजट से अधिक अधिग्रहित की जा रही भूमि का मुआवजा जरिए बैनामा लेने के लिए राष्ट्रपति के नाम बयानहलफी ली गई थी। दो माह में बैनामा लेकर मुआवजा देने के लिए कहा गया था। पांच माह गुजर जाने के बाद भी मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में किसानों ने मंडलायुक्त से गजट से अधिक अधिग्रहित भूमि का वर्तमान सर्किल रेट से चार गुना पर भुगतान करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में प्रमुख रूप से हरेंद्रनाथ, छोटेलाल सोनकर, सेवालाल चौहान, रंजीता चौहान, प्रभावती देवी, के साथ ही भारत रक्षा दल के मंडल अध्यक्ष मो.अफजल सहित दल के कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments