पूर्व केंद्रीय मंत्री ने राम मंदिर निर्माण को लेकर क्या कहा? पढ़िए...
आजमगढ़: बुधवार को जनपद में पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद कलराज मिश्र प्रबुद्धजन सम्मेलन में सम्मिलित हुये। सम्मेलन के बाद प्रेस-वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि केंद्र में हमारी सरकार है और सरकार संविधान के अनुसार चलती है। पार्टी के घोषणा पत्र के अनुसार राम मंदिर का निर्माण कराना हमारी प्रतिबद्धता है। पहले न्यायलय के निर्णय को देखेंगे फिर आम सहमति से राम मंदिर बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। दावा किया कि आम सहमति बन भी रही है। आवश्यकता पड़ी तो कानून भी बनाएंगे। आरक्षण की बात पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एससी, एसटी व ओबीसी के आरक्षण को बिना प्रभावित हुए सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए संवैधानिक रूप से 10 फीसद आरक्षण लागू किया है। सामान्य वर्ग के गरीबों के बारे में अब तक किसी सरकार ने नहीं सोचा था। इससे वर्ग व जाति के बीच में हीनभावना समाप्त होगी। भाजपा के कुछ विधायकों द्वारा अमर्यादित बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चाहे सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का, सभी को लोकतांत्रिक देश में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। आगामी लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन से कैसे मुकाबला करेंगे के जवाब में कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के बाद आमजन को कितना लाभ हुआ है, इसे पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जन-जन को बताएंगे। हर वर्ग के लोग जानते हैं कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश की सरकार से उन्हें कितना लाभ हुआ है।

No comments