Breaking Reports

भाजपा से नाराज मंत्री ने मुख्यमंत्री को लौटाया विभाग



लखनऊ : काफी वक्त से बीजेपी से नाराज चल रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के साथ- साथ पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वापस दे दिया है, हालांकि दिव्यांग कल्याण की जिम्मेदारी उन्होने अपने पास ही रखा है।
    राजभर ने कहा है कि मंत्री पद पर रहते हुए भी हमने पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृति और शुल्क प्रतिपूर्ति अपेक्षित रूप से नहीं दे पाए हैं। जिसके चलते इस वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ उनके परिजनों में सरकार के लिए काफी नाराजगी है। आगे कहा कि सामाजिक न्याय समिति के अनुरूप पिछड़ी जातियों के 27 फीसदी कोटे के आरक्षण का बंटवारा नहीं किए जाने से भी लोग काफी नाराज हैं। साथ ही राजभर ने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग की कमेटी में मेरे द्वारा सुझाए गए नामों में से एक भी नाम शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में मंत्री बने रहने का क्या औचित्य है।
  ओम प्रकाश राजभर ने इसी महीने 7 तारीख को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उन्हें कैबिनेट से बाहर निकालने की चुनौती दी थी। राजभर 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ओबीसी के लिए उप-कोटा लागू करने की मांग कर रहे हैं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो 24 फरवरी को उनकी पार्टी भाजपा का साथ छोड़ देगी।

No comments