बदमाशों ने असलहे से भयभीत कर पेट्रोल पंप कर्मियों से 38 हजार रुपये लूटे
आजमगढ़ : गंभीरपुर थाना क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा सटा कर दो कर्मचारियों से कैश भरा बैग लूट लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
गोरखपुर जिले के निवासी अरुण कुमार पांडेय का गंभीरपुर थाने के गंभीरपुर- नंदाव रोड पर इनावभार गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर रविवार को दोपहर लगभग तीन बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। बाइक में पांच सौ 10 रुपये का तेल भरवाया। पैसा मांगने पर दोनों ने तमंचा निकालकर पेट्रोल पंप कर्मचारी मनोज और सकलैन को सटा दिया। दोनों के पास से कैश भरा बैग लूट लिया। एक बैग में 34 हजार और दूसरे बैग में चार हजार रुपये थे। बदमाशों के दूर जाने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने मालिक के साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी के साथ ही गंभीरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूछताछ के बाद बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए वाहनों की सघन चेंकिग शुरू कर दी गई। मगर बदमाशों का पता नहीं चल सका। बरदह थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि अभी जांच पड़ताल की जा रही है।

No comments