फरार चल रहे बदमाश को पुलिस ने छापामार कर किया गिरफ्तार
आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। वह तीन साल से लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था।
फूलपुर कोतवाल शिवशंकर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली की 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश अपने गांव में मौजूद है। सूचना पर फूलपुर कोतवाल ने अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ बुधवार की सुबह जगदीशपुर गांव में छापा मारा। पुलिस ने गांव स्थित मंदिर के समीप से उक्त बदमाश को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़ा गया बदमाश ज्ञान प्रकाश यादव उर्फ ज्ञानू पुत्र शोभनाथ यादव ग्राम जगदीशपुर का ही निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, कारतूस व आधा किलो गांजा बरामद किया। कोतवाल का कहना है कि पकड़े गए बदमाश के खिलाफ लूट, हत्या, गैंगस्टर समेत अन्य संगीन आपराधिक घटनाओं के विभिन्न थानों में 19 मुकदमा दर्ज हैं। वह वर्ष 2016 से लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था।

No comments