धनउगाही कर आवास हो रहे आवंटित, महिलाओं ने किया प्रदर्शन
आजमगढ़ : माहुल नगर पंचायत कार्यालय पर वार्ड नंबर एक की महिला सभासद के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना में डूडा कर्मियों व सभासदों पर धनउगाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और प्रकरण की जांचकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नगरीय आवास योजना के तहत माहुल नगर पंचायत के 11 वार्डों में करीब 700 आवास स्वीकृत हुए हैं। इसे डूडा के माध्यम से सरकार द्वारा निर्मित कराया जा रहा। वार्ड नंबर एक की सभासद प्रमिला देवी के साथ नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि स्वीकृत आवासों की सूची आने के बाद से ही डूडा कर्मी और सभासद मिल कर जियो टैग कराने के नाम पर धनउगाही कर रहे हैं। प्रति आवास 10 से 20 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में कुछ ऐसे भी अर्धनिर्मित आवास हैं जिनकी पहली किश्त 50 हजार रुपये आ चुकी है और दूसरी किश्त का पांच माह से इंतजार कर रहे हैं। यही नहीं धन लेकर अपात्रों को भी आवास दिया जा रहा हैं। इससे गरीब पात्र लोग आवास योजना से वंचित हो रहे हैं। इस मौके पर पराना देवी, मनता देवी, रेखा, शीला, विमला, उर्मिला, सीता, प्रमिला, सुनीता आदि रहीं।

No comments