Breaking Reports

नाराज किसानों ने रोका खनन कार्य, मुआवजा न मिलने पर आंदोलन की दी धमकी



आजमगढ़ : गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर खनन कार्य रोक दिया। 
  किसानों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान नहीं करते हम लोग अपनी भूमि नहीं देंगे। किसानों के विरोध को देखते हुए कंपनी के कर्मचारी वापस चले गए। वाराणसी से गोरखपुर के लिए गैस पाइपलाइन बिछाई जा रही है। गैस पाइपलाइन क्षेत्र के सोढ़री, रघुनाथपुर, भुइधरपुर, रैसिगपुर, कोठियार, ओरा, भीतरी, गौरा, अमिलाई आदि गांवों से होकर जा रही है। इसमें किसानों की एक जरीब की चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण की गई है, लेकिन अभी तक उनको मुआवजा नहीं मिला। भूमि की बगैर बैनामा कराए गैस पाइप बिछाई जा रही है। किसानों का कहना है कि भूमि तो दूर आज तक तीनों फसलों का मुआवजा भी नहीं मिला। उल्टे प्रशासन द्वारा बलपूर्वक भूमि लेने की धमकी दिया जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि भूमि का मुआवजा नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। विरोध करने वालों में रामजीत, कोमल यादव, हरिचरन, मुंशीराम, राजेन्द्र, बुधिराम, शैलेश राय, यमुना प्रसाद आदि थे।

No comments