Breaking Reports

जच्चा, बच्चा की मौत, परिजनों ने डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया, किया हंगामा




आजमगढ़ : नर्सिंग होम में इलाज के बाद दूसरे अस्पताल में दो दिन पूर्व जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर शनिवार को सुबह परिजनों के साथ ही आक्रोशित ग्रामीणों को देखते ही नर्सिंग होम के कर्मचारी ताला बंद कर फरार हो गया। इस दौरान परिजन डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स पहुंच गई।
    मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के कड़सड़ा गांव निवासिनी 25 वर्षीया रीता देवी पत्नी महेश डिलेवरी के लिए 18 मार्च की सुबह लगभग 11 बजे पल्हना स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती हुई थी। इस दिन आपरेशन से महिला को बच्ची पैदा हुई थी। परिजनों का आरोप है कि डाक्टर ने खुद जच्चा-बच्चा को ले जाकर लालगंज के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। नवजात को आईसीयू में भर्ती कराया,जहां उसकी मौत हो गई। इस बीच प्रसूता महिला की हालत बिगड़ने पर डाक्टर ने ही ले जाकर वाराणसी के मड़ुवाडीह स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया,जहां गुरुवार की रात में प्रसूता की भी मौत हो गई। डाक्टर की सलाह पर ही परिजनों ने शुक्रवार को मृत महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। इस बीच शनिवार को डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों के साथ ही ग्रामीण पल्हना नर्सिंग होम पर पहुंच कर नारे-बाजी करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों को देख नर्सिंग होम पर ताला बंद कर कर्मचारी फरार हो गए। ग्रामीण डाक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। सूचना मिलने पर देवगांव कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनीलचंद्र तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित से तहरीर लेकर ग्रामीणों को शांत किया।


No comments