Breaking Reports

तमंचे से फायरिंग में पत्नी को लगी गोली, पति ने पुलिस को किया गुमराह




आजमगढ़ : अतरौलिया थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे शिक्षक के तमंचे से फायर होने पर गोली लगने से उसकी पत्नी लहूलुहान होकर अचेत हो गई थी। शिक्षक पुलिस को गुमराह करते हुए परिजनों से झूठी सूचना दी कि बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए। 
   अतरौलिया थाना क्षेत्र के प्रेमापुर गांव निवासी रामप्रीत जूनियर हाई स्कूल में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को सुबह नौ बज कर 40 मिनट पर शिक्षक के भाई ने अतरौलिया थाने की पुलिस को फोन कर सूचना दी कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी भाभी 50 वर्षीया कौशिल्या को घर में घुस कर सीने में गोली मार दी। दूसरी गोली शटर पर मार कर बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो शिक्षक गोली लगने से घायल अपनी पत्नी को लेकर अतरौलिया के एक निजी अस्पताल में लेकर चला गया था। इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया और बाद में शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। घर पर अगल-बगल के लोगों से पूछताछ के बाद दोपहर बाद पुलिस अस्पताल में पहुंची, जहां शिक्षक के साथ ही गंभीर रूप से घायल उसकी पत्नी से पूछताछ की। इस दौरान बदमाशों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना झूठी निकली। शिक्षक के ही अवैध तमंचे से निकली गोली से उसकी पत्नी के घायल होने का मामला सामना आया।
 अतरौलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक रामप्रीत पुत्र स्व.परदेशी राम घर पर रखे अवैध तमंचे को सुबह चेक कर रहा था। चेक करते समय फायरिंग हो गई। गोली लगने से उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस प्रकरण में रामप्रीत के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


No comments