आचार संहिता उल्लंघन में हजारों के खिलाफ मुकदमा
आजमगढ़ : मिशन मोदी अगेन पीएम संगठन की ओर से बीते मंगलवार को बाइक जुलूस निकाले जाने पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के तहत जिलाध्यक्ष समेत एक हजार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
बीते मंगलवार को राहुल प्रेेेक्षागृह में सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रुप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विलास वेदांती व कार्यकारी अध्यक्ष रामगोपाल काका शामिल हुए थे। सम्मेलन में शामिल होने के पूर्व भंवरनाथ तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में दोनों पदाधिकारियों का स्वागत करने के साथ ही बाइक जुलूस निकाला था। कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति तो ली गई थी लेकिन बाइक रैली की अनुमति नहीं थी। रैली में सैकड़ों की संख्या में बाइक व दर्जन भर चार पहिया वाहन भी शामिल थे। इसकी जानकारी जब जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी को हुई तो उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर मिशन मोदी अगेन पीएम संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के खिलाफ नामजद और 1,000 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।




No comments